नई दिल्ली/पटना । भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के पूर्वांचल मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को यहां जंतर-मंतर पर जदयू के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिये बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
दिल्ली में भाजपा इकाई के अध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा ने कहा कि नीतीश कुमार को अपनी अपमानजनक टिप्पणी के लिए मुख्यमंत्री का पद छोड़ देना चाहिए। दल ने एक बयान में कहा कि प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेड की मदद से रोक दिया, लेकिन कई प्रदर्शनकारियों ने इन्हें पार करने की कोशिश की।
बैरिकेड को पार करने वाले लोगों में दल के पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष नीरज तिवारी भी थे जो घायल हो गए। प्रदर्शन के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री का पुतला भी जलाया गया। सचदेवा ने कहा कि अपमानजनक टिप्पणी करने वाले नीतीश कुमार माफी मांगने का दिखावा कर महिलाओं के अपमान की भरपाई नहीं कर सकते हैं। उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।