भोपाल । मप्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने आज अपना संकल्प पत्र जारी किया। भाजपा के संकल्प पत्र पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि भाजपा ने एक बार फिर घोषणा पत्र की जगह अपना झांसा पत्र जारी किया है। शिवराज जी की झूठ की मशीन ने महिलाओं को धोखा देने की सारी हदें लांघ दी हैं।
पिछले छह महीने से भाजपा बेवकूफ बना रही है कि महिलाओं को 3000 रू. महीने दिये जायेंगे। लेकिन संकल्प पत्र में इस बारे में एक शब्द भी नहीं लिखा गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी. शर्मा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस बारे में एक भी शब्द नहीं बोला। आज मप्र की जनता जान गई है कि लाड़ली बहना योजना शिवराज सिंह चौहान का फ्रॉड था। इस योजना को खुद भाजपा के राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेतृत्व ने सार्वजनिक मंच से खत्म कर दिया है।