पटना। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बिहार के पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने विधानसभा चुनावों के नतीजे को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि कांग्रेस खत्म होने की राह पर है। इसका अंत पास है। नंदकिशोर यादव ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के चुनाव नतीजों ने यह संकेत दिया है कि कांग्रेस समाप्ति की राह पर है और देश कांग्रेस मुक्त भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में जो देश और जनता को ठगा है उसी करनी का फल कांग्रेस भुगत रही है। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस की सरकारें जहां भी रही हैं वहां भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा है। कांग्रेस नेताओं ने देश के विकास के नाम पर सिर्फ अपना विकास किया। गरीबों के कल्याण के नाम पर अपना कल्याण किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसी स्वार्थी पार्टी को एक दिन भी सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। यादव ने कहा कि देश के लोगों को कांग्रेस की असलियत का पता लग गया है।