योन्डे । दुनिया में शादी-ब्याह से जुड़े हुए रिवाज़ अजीबोगरीब देखने के लिए मिल जाएंगे। ऐसी ही है अफ्रीकन जनजातियां, जिनमें जो परंपराएं अपनाई जाती हैं, वो सामान्य लोग सुन भी लें, तो हक्के-बक्के रह जाते हैं। अपने देश में जहां लड़की देखने आए लड़के के लिए उसे मेकअप करके तैयार किया जाता है, वहीं एक ऐसी भी जगह है, जहां लड़के बन-ठनकर दुल्हन को रिझाने के लिए नाच-नाचकर दिखाते हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक सहारा रेगिस्तान के किनारे पर रहने वाली एक जनजाति में ऐसा कल्चर है। यहां शादी के लिए दुल्हन को रिझाने दूल्हे मेकअप करके जाते हैं।
कैमरून और नाइजीरिया में रहने वाले नाइगर जनजाति में पत्नियां ढूंढने का अलग ही तरीका है। इसे पत्नियां चुराने का त्यौहार कहा जाता है। इसे गुएरेवोल फेस्टिवल कहा जाता है। इसमें पुरुष चेहरे पर हैवी मेकअप लगाकर तैयार होते हैं और लड़कियों को रिझाने के लिए डांस करते हैं। उनकी इस कला से अगर कोई लड़की प्रभावित होती है या उसे आदमी पसंद आ जाता है, तो वो धीरे से उसके कंधे पर हाथ रख देती है। ये इस बात का संकेत होता है कि वो उसके साथ प्रेम संबंध या फिर वैवाहिक रिश्ते रखने के लिए राज़ी हो गई है।
न्यूयॉर्क बेस्ड एक्सप्लोरर ज़ैन पार्कर ने अपने यूट्यूब चैनल पर इसके बारे में दिखाया था। उसने बताया कि ये किसी सौंदर्य प्रतियोगिता से कम नहीं होता। पुरुष न सिर्फ मेकअप करते हैं, बल्कि सुंदर-सुंदर कपड़े और सजावटी चीज़ें भी पहनते हैं। वे एक खास किस्म का डांस करके अपनी ताकत दिखाते हैं, ताकि कोई लड़की उन्हें पसंद कर ले। ये फेस्टिवल साल में एक बार होता है और इसके लिए मर्द घंटों मेहनत करके तैयार होते हैं। कई बार लड़कियां उन्हें ज़िंदगी भर के लिए तो कई बार सिर्फ एक रात के लिए चुनती हैं।