सुल्तानपुर लोधी । राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह खाड़ी देशों में पंजाब की महिलाओं की खरीद-फरोख्त का मामला सदन में गंभीरता से उठाया। संत सीचेवाल ने कहा कि उनके प्रयास व भारतीय दूतावास के सहयोग से वह खाड़ी देशों से लगभग 60 महिलाओं को भारत वापस ला चुके हैं, जिन्हें वहां बेचा गया था। उन्होंने बताया कि ट्रैवल एजेंट पंजाब से गरीब घरों की युवतियों को ले जाकर खाड़ी देशों में बेच रहे हैं, जहां उनका शोषण किया जा रहा है।
स्वदेश लौटी पीडित युवतियों ने उन्हें बताया कि इनमें नेपाल और दूसरे देशों की भी महिलाएं शामिल हैं, जिससे अंतर्राष्ट्रीय गिरोह की सक्रियता का पता चलता है। संत सीचेवाल ने अपने देश के संकटग्रस्त नागरिकों को निकालने में मदद करने के लिए खाड़ी देशों में भारतीय दूतावासों को धन्यवाद दिया। उन्होंने सदन के माध्यम से विदेश मंत्रालय से इस गोरख धंधे में शामिल ट्रैवल एजेंटों की गतिविधियों पर नजर रखने और देश की महिलाओं को विदेशों में बेचने वालों को कड़ी सजा देने का अनुरोध किया।