पटना। तेलंगाना के नव निर्वाचित मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की कथित ‘बिहार-डीएनए टिप्पणी को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्य के ‘लोगों का अपमान करार दिया है।
बिहार की उजियारपुर संसदीय सीट से सांसद राय ने पटना में जारी एक बयान में कहा, कि रेड्डी की ‘बिहार डीएनए टिप्पणी कांग्रेस नेताओं की मानसिकता को उजागर करती है, जो जाति और पंथ के नाम पर समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में महागठबंधन सरकार को कांग्रेस का समर्थन प्राप्त है, जिसके नेता बिहार के लोगों के खिलाफ ऐसी टिप्पणियां करते हैं। आने वाले लोकसभा चुनाव में बिहार की जनता कांग्रेस नेताओं को माफ नहीं करेगी।
गौरतलब है कि रेड्डी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कथित तौर पर कहा था कि तेलंगाना के पहले मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव केसीआर में ‘बिहारी जीन है और उन्होंने संकेत दिया था कि वह केसीआर की तुलना में राज्य के लिए बेहतर विकल्प हैं। उन्होंने कथित तौर पर कहा था, कि मेरा डीएनए तेलंगाना का है। केसीआर का डीएनए बिहार का है। वह बिहार के रहने वाले हैं। केसीआर की जाति कुर्मी हैं, वे बिहार से विजयनगरम और वहां से तेलंगाना आए। तेलंगाना का डीएनए बिहार के डीएनए से बेहतर है।