लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्रवास के दौरान निजी कार्यक्रम सहित गौतम बुद्ध नगर विश्वविद्यालय, नोएडा, यमुना अथॉरिटी की समीक्षा करेंगे। सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे है।मिली जानकारी के मुताबिक, सीएम योगी आदित्यनाथ ग्रेटर नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में होने वाली समीक्षा बैठक की तैयारी के लिए प्राधिकरण अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके अलावा प्रदेश के मुख्य सचिव डीएस मिश्रा भी 15 दिसंबर को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की प्रगति का जायजा लेने के साथ समन्वय समिति की बैठक करेंगे। इस दौरान वह यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की भी निरीक्षण करेंगे।
सीएम योगी नोएडा अथॉरिटी में लगातार चल रही एसआईटी की जांच रिपोर्ट के बारे में भी समीक्षा कर सकते हैं। गौरतलब है कि नोएडा प्राधिकरण में सीएजी, आयकर, विजिलेंस, एसआईटी के अलावा भी विभागीय स्तर पर 43 जांच चल रही हैं। इससे अलग शासन स्तर पर 15 मामलों की जांच की जा रही है।