-
फंड जुटाने का कैम्पेन कांग्रेस का और लिंक खुल रहा बीजेपी के डोनेशन पेज का?
- कांग्रेस ने भाजपा पर लोगों को भ्रमित करने के लिए फर्जी डोमेन बनाने का आरोप लगाया नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने फंड जुटाने के लिए डोनेट फॉर देश अभियान लॉन्च किया लेकिन अभियान लांच करने के घंटे भर के भीतर ही खेल हो गया। दरअसल, जिस अभियान (डोनेट फॉर देश) को कांग्रेस ने लांच किया, उसके लिंक पर क्लिक करते ही बीजेपी के डोनेशन पेज का लिंक खुलने लगा। यानी अगर आप कांग्रेस को डोनेशन देने के लिए डोनेटफारदेशडॉटआर्ग पर क्लिक करेंगे तो बीजेपी का डोनेशन पेज खुल जाएगा। माना जा रहा है कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि कांग्रेस अभियान लांच करने से पहले उसका डोमेन बुक नहीं करवा सकी लेकिन बीजेपी ने उसे तुरंत रजिस्टर करवा लिया।
इसी से मिलता-जुलता एक और डोमेन है, जिसे दो दिन पहले ही यानी 16 दिसंबर को ओपीइंडिया के नाम की एक न्यूज वेबसाइट ने रजिस्टर करा लिया था। ऐसे में कांग्रेस ने अब नया लिंक साझा किया है ताकि चंदा देने वालों को कोई परेशानी कोई परेशानी न हो और उनके चंदे की राशि कांग्रेस के खाते में पहुंच सके। कांग्रेस नेता अजय माकन ने बाद में स्थिति साफ करते हुए बताया कि कांग्रेस के इस अभियान का लिंक एचटीटीपी://डोनेटइंकडॉटनेट या एचटीटीपी://इंकडॉटइन है, जिस पर क्लिक कर दानदाता चंदा दे सकते हैं। इस बीच कांग्रेस ने भाजपा पर उसकी नकल करने और लोगों को भ्रमित करने के लिए फर्जी डोमेन बनाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता और पार्टी के सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि सबसे पुरानी पार्टी द्वारा अपना चंदा अभियान शुरू करने के बाद बीजेपी घबराहट की स्थिति में है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि निरंकुश सत्ता, सारी संस्थाएं, सारे संसाधन और अधिकतम पैसा होने के बावजूद बीजेपी इतनी डरी हुई क्यों है? जब कांग्रेस ने चंदा अभियान शुरू किया, तो न केवल बीजेपी घबरा गए बल्कि उनके सिस्टम ने फर्जी डोमेन बनाना और उन्हें भ्रमित करना भी शुरू कर दिया। वैसे, हमें कॉपी करने के लिए धन्यवाद- आपका डर देखकर अच्छा लगा। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हाल ही में नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने खुद 1.38 लाख रुपये का अंशदान दिया है। पार्टी ने कांग्रेस की स्थापना के 138 साल पूरे होने के मौके पर लोगों से 138, 1380, 13800, 1,38,000 या 138 के गुणकों में लोगों से चंदा देने की अपील की है। कांग्रेस अपनी वेबसाइट और एक ऐप के माध्यम से यह अभियान चला रही है।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!