नईदिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने कहा है कि सर्जरी के बाद मैदान पर उनकी वापसी में पत्नी अथिया शेट्टी की अहम भूमिका रही है। राहुल गत वर्ष चोट और रिहैब की वजह से कई मैच नहीं खेल पाए थे। इस बल्लेबाज के अनुसार तब कठिन समय में अथिया ने ही उनका मनोबल बढ़ाया था। राहुल आईपीएल 2023 के दौरान जांघ की चोट के कारण खेल से बाहर हो गये थे। इसके लिए उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ा। वहीं चोट से उबरकर मैदान पर वापसी करना राहुल के लिए आसान नहीं था पर उन्होंने कठिन समय से निकलकर एशिया कप 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाकर शानदार वापसी की। इसके बाद उन्होंने एकदिवसीय विश्व कप में भी शानदार प्रदर्शन किया.
राहुल ने कहा कि मुश्किल समय में अथिया ने मेरा पूरा साथ दिया। वह हमेशा मेरे साथ रहीं हालांक कभी कभी वह ज्यादा निराश हो जाती थीं और ज्यादा गुस्सा भी हो जाती थीं। राहुल ने कहा, ‘ वह मेरे साथ थीं। वह हमेशा हर चीज में मेरे साथ रहीं। अधिकतर समय वह मुझसे ज्यादा निराश और गुस्से में रहीं। मैंने हमेशा उन्हें किसी अन्य चीज की तुलना में शांत रखने की कोशिश की। इसका कारण है कि ये पहला मौका था जब उन्होंने मुझे इस हालात से गुजरते हुए देखा।’
राहुल ने कहा, ‘ यह हम दोनों के लिए कठिन था पर इससे हमें वो समय भी मिला जिसकी हमें जरूरत थी। मुझे लगा कि मुझे फिर से उसी प्रक्रिया में वापस जाने की जरूरत है। इंजरी के समय मुझे नकारात्मकता महसूस हो रही थी, फिर भी मैं बस खुश रहा और छोटी-छोटी चीजों का आनंद लिया। घर पर पत्नी और परिवार के साथ रहने का आनंद उठाया। इससे मुझे बहुत तेजी से ठीक होने और वापस आने में मदद मिली। ’ राहुल ने कहा कि जब वह मैदान में कदम रखते हैं तब वह अपनी पत्नी के बारे में नहीं सोचते हैं। उस समय उनका पूरा ध्यान अपने खेल पर होता है।