जबलपुर, । क्षेत्र में अब आवारा सांडों की वजह से सड़क हादसों जैसी घटनाएं नहीं होंगी। यह बात कैंट विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने सर्किट हाउस में कैंट क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के लिए आयोजित बैठक में कही। मुख्य कार्यपालन अधिकारी छावनी परिषद के साथ आयोजित बैठक में छावनी परिषद के अधीन आ रही समस्याओं के लिए ध्यान आकर्षित किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा नवनियुक्त विधायक श्री रोहाणी का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। बैठक के दौरान छावनी परिषद में समान टैक्स किया जाए, गरीब व्यक्ति को टैक्स में रियायत दी जाए।
आवारा सांडों से दुर्घटना हो रही है, इसे रोका जाए मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने इस पर कहा कि जल्द कैटल वाहन खरीदकर उपरोक्त समस्या का समाधान किया जाएगा। बैठक में कहा गया कि सदर बाजार थाने के बाजू में स्थित गार्डन विकसित किया जाए एवं उसका नाम वीरांगना ऊदादेवी पासी गार्डन किया जाए। सदर बाजार की सड़कों का जीर्णोद्धार किया जाए, मूलभूत सुविधाओं के लिए जमीन का वर्गीकरण न देखा जाए, बंगले बगीचे में रहने वाले लोगों को भी सुविधाएं दी जाए।
प्रत्येक वार्ड में जरूरत के हिसाब से बोरिंग की जाए एवं सफाई व्यवस्था एवं बिजली व्यवस्था दुरूस्त की जाए। सभी समस्याओं के निराकरण को लेकर चर्चा की गई। इस अवसर पर भाजपा के रिंकु विज, सुंदर अग्रवाल, संजय जैन, संजय कपूर, आशीष राव, संजय वर्मा, विकास बावरिया, शेखर पिल्ले, बलराम बाल्मीक, ज्योति रेड्डी, चमन रजक, राकेश पासी आदि भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।