भोपाल । मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने देश में किसानों का 72 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया था। यहां भी कमल नाथ ने इसकी शुरुआत की, लेकिन बेईमानों ने सरकार गिरा दी, इसके बाद योजना भी बंद कर दी। वो एक अच्छी योजना थी और इन्हें क्या हक था इसे बंद करने का। सिंह ने कहा कि हमारी सरकार बनती है तो फिर से कर्ज माफी करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने शुक्रवार को शिवपुरी जिले के बैराड़ में आमसभा को संबोधित किया। इस दौरान
दिग्विजय सिंह ने शिवराज सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि व्यापमं में पैसे देने वाला तो जेल चला गया, लेकिन मामा और उनके जितने भांजों ने पैसे खाए वो जेल नहीं गए। इसी डर से उन्होंने हमारी सरकार गिरा दी क्योंकि हमारी सरकार रहेगी तो एक-एक का हिसाब किया जाएगा। मामा कहते हैं कि पहले उनके पास क्या था, कुछ नहीं था। वे कहते हैं कि वे अपने खेत में एक एकड़ में दो करोड़ रुपये कमाते हैं।
मुझे देश का, पोहरी या बैराड़ का कोई किसान बता दो जो एक एकड़ में दो करोड़ रुपये कमाता हो। यह केवल काला धन का सफेद करने का उनका तरीका है। दिग्विजय ने कहा कि मोदी गरीबों की बात करते हैं, लेकिन अमीरों की जेब भरते हैं। किसान बीमा योजना में किसानों के पैसे जमा हो रहे हैं, लेकिन फसल खराब हो जाए तो पैसा नहीं मिलता। 10 से 15 हजार करोड़ रुपये बीमा कंपनी कमा रही हैं। बसपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यह लड़ाई तो कांग्रेस और भाजपा के बीच में है, यह हाथी बीच में कहां से घुस गया। यह हाथी जो है केवल अनुसूचित जाति का वोट मांगने के लिए बुलाया जाता है।
काशीराम जी का जमाना था जब लाखन सिंह बघेल, फूल सिंह बरैया ने उनकी भांति बीएसपी जमाई थी। अब काशीराम तो चले गए और बहनजी आई हैं। बहनजी के सामने तो क्या चलता है कि पैसा ले आओ और टिकट ले जाओ।कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष पति संजीव शर्मा सहित बैराड़ नगर परिषद के पार्षद नीरज गुप्ता, पार्षद छत्ते कुशवाह, पार्षद उम्मेद सिंह कुशवाह, अशोक नामदेव धर्मवीर भारद्वाज, विशंभर शर्मा आदि ने कांग्रेस की सदस्यता ली।