नई दिल्ली । दिल्ली जल बोर्ड में जिस तरह से वित्तीय अनियमितता के आरोप लग रहे हैं उसे देखते हुए प्रदेश की अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली जल बोर्ड का सीएजी से ऑडिट कराने का फैसला लिया है। इसकी जानकारी दिल्ली की जल मंत्री आतिशी मार्लेना ने दी है। आतिशी मार्लेना ने कहा अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली जल बोर्ड का स्वतंत्र एजेंसी सीएजी द्वारा पिछले 15 साल की एक स्पेशल ऑडिट करवाने का निर्णय लिया है।
2008 से अब तक का दिल्ली जल बोर्ड का ऑडिट किया जाएगा। हम सीएजी से बात करेंगे कि जल्द ये स्पेशल ऑडिट शुरू करे। विपक्ष जान ले, आप भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से जन्मी पार्टी है और केजरीवाल सरकार में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस है। ऑडिट से सभी आरोपों का दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। कुछ हफ्तों से विपक्ष की पार्टियां बार-बार यह मुद्दा उठा रही हैं
कि दिल्ली जल बोर्ड में भ्रष्टाचार हुआ है। मैं सारी विपक्षी पार्टियों को और दिल्ली के लोगों को यह याद दिलाना चाहती हूं कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से जन्मी हुई पार्टी है। आम आदमी पार्टी एकलौती ऐसी पार्टी है जो भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस वाली पार्टी है। आम आदमी पार्टी वह पार्टी है जिसे पता चला कि पंजाब सरकार में हमारे मंत्री किसी भ्रष्टाचार में शामिल हैं तो बिना एफआईआर के उन्हें उनके पद से हटा दिया गया। आम आदमी पार्टी ने ना कभी भ्रष्टाचार किया और ना कभी करेगी।