लखनऊ । सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर अक्सर विपक्ष पर जुबानी हमले करते रहते हैं। अब उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। राजभर ने कहा कि मैं भगवान शंकर का भक्त हूं। हमारे झंडे का रंग भी पीला है, अगर मैं मन से श्राप दे दूंगा तो अखिलेश को पीलिया हो जायेगा।हरदोई जिले में गुरुवार को महाराजा सल्हीय सिंह अर्कवंशी के स्मृति दिवस समारोह में वे शामिल हुए थे। जहां उन्होंने अर्कवंशी समाज के सम्मेलन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला।
राजभर ने कहा कि हम भारतीय जनता पार्टी के साथ आए तो सबसे ज्यादा अगर किसी को तकलीफ है तो उसका नाम समाजवादी पार्टी है। अखिलेश यादव जी कान खोल कर सुन लो तुमने हम लोगों का हिस्सा लूटा है। अब वोट की तरफ देखने की कोशिश मत करना, नहीं तो यह ओमप्रकाश राजभर जो शंकर भगवान का पुजारी है हमारे झंडे का रंग भी पीला है। मन बनाकर श्राप दूंगा तो पीलिया हो जाएगा जो तब तक नहीं ठीक होगा। जब तक हमारा झंडा नहीं पकड़ोगे। ओपी राजभर ने कहा कि ये तो मुसलमानों के भी नहीं हुए चार बार सरकार बनी है।
सामाजिक न्याय की बात करते हो सामाजिक न्याय में सिर्फ यादव आता है चार बार में अगर अलग अलग जाति का मुख्यमंत्री बना देते तब मैं मानता कि तुम सामाजिक न्याय की बात करते हो। सामाजिक न्याय की बात करने वाली एक जाति के लिए काम करोगे तो इसको हम बर्दाश्त नहीं करते हैं। सामाजिक न्याय के दायरे में हम सभी लोग आते हैं सबको हिस्सा चाहिए।