समस्तीपुर । अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाले राम लला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। इसके बाद दर्शन के लिए आम लोगों का आना-जाना शुरू हो जाएगा। इसी कड़ी में 24 जनवरी से 24 मार्च तक रामलला दर्शन अभियान चलाया जाएगा।
इसके तहत भाजपा 50 करोड़ राम भक्तों को ट्रेन से निःशुल्क रामलला के दर्शन कराएगी। बिहार में भाजपा के प्रदेश महामंत्री जगरनाथ ठाकुर ने बताया कि रामलला दर्शन अभियान 24 जनवरी से 24 मार्च तक बिहार सहित देशभर में चलाया जाएगा। इसमें बिहार से 275 रेलवे स्टेशनों से अयोध्या के लिए रामलला दर्शन विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। इस स्पेशल ट्रेन से बिहार के 2 करोड़ से अधिक राम भक्तों को अयोध्या ले जाकर भव्य मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।
इस दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने की निःशुल्क सुविधा होंगी। प्रदेश महामंत्री ने बताया कि पार्टी अपने खर्च पर अपने कार्यकर्ताओं और राम भक्तों को उनके घर से अयोध्या ले जाकर दर्शन कराएगी। यात्रियों के लिए ट्रेन में मेडिकल टीम की व्यवस्था होगी। इसके अलावा भजन कीर्तन की भी व्यवस्था होगी। फिर उसी ट्रेन से उनको घर पहुंचाने की भी व्यवस्था होगी।बिहार में संख्या के आधार पर ट्रेनों की व्यवस्था की जाएगी। समस्तीपुर से 50 हजार राम भक्तों को ले जाने की तैयारी की गई है। समस्तीपुर के पांच स्टेशनों से अयोध्या के लिए प्रतिदिन ट्रेनें चलेंगी। बिहार से लगभग 200 ट्रेन 15 दिनों के अंदर खुलेंगी।