राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मप्र को भी कवर करने वाली है। भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के धौलपुर से मप्र के मुरैना जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, राजगढ़, आगर मालवा, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ से होते हुए राजस्थान के बांसवाड़ा जाएगी। यह यात्रा मप्र में 7 दिन तक चलेगी। इस दौरान राहुल गांधी राज्य के 9 जिलों को कवर करेंगे। मध्य प्रदेश में 698 किमी यात्रा होगी। बैठक में पार्टी अध्यक्ष खडग़े ने कहा कि हमारे लिए 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करना और राहुल गांधी की यात्रा को सफल बनाना सबसे बड़ा लक्ष्य है। इसके लिए कांग्रेस के हर एक कार्यकर्ता को भरपूर समय देना है। सूत्रों की मानें तो पार्टी देश भर में दस बड़ी रैली करने की तैयारी में भी है। पार्टी अध्यक्ष ने सभी को संदेश दिया है कि आप सभी पार्टी के आंख-कान हैं। आप सभी जानते हैं जो कुछ हमें करना हैं उसके लिए हमारे पास सिर्फ तीन महीने हैं। इसके लिए हमे रात दिन एक करके पार्टी के लिए जुट जाना है।
दरअसल, कांग्रेस लोकसभा चुनावों की तैयारी के साथ ही पार्टी भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को सफल बनाने के लिए जुट गई है। इस यात्रा के माध्यम से पार्टी नार्थ ईस्ट के साथ ही उत्तर भारत के राज्यों को कवर करेगी। पार्टी का लक्ष्य है कि भारत जोड़ो यात्रा की तरह ही कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ ही जनता तक पहुंचना है। इसे लेकर गुरूवार को दिल्ली में प्रदेश अध्यक्षों और नेता प्रतिपक्षों की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में भारत जोड़ो न्याय यात्रा की जानकारी दी गई। आपको बता दें कि मप्र और छत्तीसगढ़ दोनों ही राज्यों में हाल ही में भाजपा सरकार बनी है। मप्र में 29 जबकि छत्तीसगढ़ में 11 लोकसभा सीटें हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पहले भी राहुल गांधी ने पिछले वर्ष भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी। उस दौरान भी राहुल गांधी की यात्रा मध्यप्रदेश से गुजरी थी। हालांकि इस बार राहुल गांधी पैदल यात्रा नहीं करेंगे। यह यात्रा बस से निकाली जाएगी।
पिछले वर्ष राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी। साल 2023 के अंत में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अपने दो राज्य गंवाने पड़े थे। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी वहीं, इस बार के चुनाव में बीजेपी को जीत मिली है। वहीं, मध्यप्रदेश में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा था राज्य में कांग्रेस को केवल 66 सीटों पर जीत मिली थी।
उधर, मोहन सरकार द्वारा ड्राइवर से मिटिंग के दौरान गलत अंदाज पर बात करने पर शाजापुर कलेक्टर पर की गई कार्रवाई की विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने तारीफ की है। सिंघार ने कहा कि शिव-राज के बेलगाम कलेक्टरों को एक-एक करके निपटाया जाना गलत नहीं है। एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा शाजापुर कलेक्टर किशोर कान्याल को एक ड्राइवर भाई की औकात दिखाने पर उनके पद से हटाया जाना अच्छी बात है। लोकतंत्र में जनता से उसकी औकात पूछने का अधिकार नौकरशाहों को नहीं है। जनता सर्वोपरि थी, सर्वोपरि है और हमेशा रहेगी। शाजापुर कलेक्टर को औकात पूछने की सजा दी जाना सही फैसला है। शिव राज के बेलगाम कलेक्टरों को एक-एक करके निपटाया जाना गलत नहीं है। गुना कलेक्टर को बस हादसे की सजा मिली तो शाजापुर कलेक्टर को भरी मिटिंग में अपनी ताकत दिखाने की। गंदगी के खिलाफ स्वच्छता अभियान तो चलना ही चाहिए।