जबलपुर, । भारतीय किसान संघ द्वारा जिला प्रशासन को दिए गए ४८ घंटों के अल्टीमेटम दिए जाने के बाद धान खरीदी व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर किसानों ने तहसील स्तर पर धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया हैं। भारतीय किसान संघ ने कहा कि जबतक समस्या का समाधान नहीं हो जाता तब तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। किसानों ने धरना स्थल पर ही खाना पकाना शुरु कर दिया और नारे बाजी के साथ देर रात तक अनशन प्रदर्शन जारी रहा। भारतीय किसान संघ का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रो पर बारदान परिवहन व भंडारण की घोर अव्यवस्था है। सर्वेयरों की मनमानी वेयर हाउस स्लॉट बुकिंग में आ रही समस्या को प्रशासन दुरुस्त नहीं कर पाया।
जिसके बाद किसानों में पाटन व मझौली तहसील केंद्रों पर दोपहर १ बजे से धरना प्रदर्शन प्रारंभ कर दिया। किसानों का कहना हैं कि उनकी धान खरीदी न होने के कारण खुले में पड़ी है और पिछले दिनों हुई बारिश के बाद उसमें अंकुरण होने लगा हैं। खुले में हजारों क्विटंल धान पड़ी हुई हैं। भारतीय किसान संघ तहसील के अध्यक्ष रामकुमार सोनी ने बताया कि कई स्तर की बातचीत जिला प्रशासन के साथ हो चुकी है उसके बाद भी कोई हल नहीं निकला। इस बीच किसानों ने अपर कलेक्टर के साथ हुई बैठक में ४८ घंटो का अल्टीमेंटम दिया था कि ४८ घंटे के अंदर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा। धरना प्रारंभ होने पर एक बार फिर पाटन एसडीएम मौके पर पहुंचे और एक दो दिन में तुलाई कराने का आश्वासन दिया। किसानों ने तुरंत धान शिफ्ट करने की मांग की।
लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना है कि लंबे समय से प्रशासन को अवगत कराया जा रहा है लेकिन प्रशासन ने अभी तक सिर्फ आश्वासन ही दिए है। उधर दूसरी ओर भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बताया कि धरना प्रदर्शन शुरु हो चुका हे। यह मांग पूरी होने तक जारी रहेगा। आने वालें सभी तहसीलों मे यह प्रदर्शन चालू होगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सिर्फ आश्वासन ही दिए गए, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे किसान हलाकान और परेशान है। अब किसान सड़क पर उतर गया हैं।