कोलकाता । उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उनकी मिमिक्री करने वाले टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है। मिली जानकारी के अनुसार हुगली के श्रीरामपुर के सांसद ने खुद एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि बंगाल के पूर्व राज्यपाल तथा वर्तमान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उनकी पत्नी से फोन पर बात की। उन्होंने जन्मदिन पर बधाई दी तथा अपने घर पर रात्रिभोज के लिए आमंत्रित भी किया।
कल्याण ने इसके बदले में उन्हें धन्यवाद दिया है। गौरतलब है कि पिछले महीने टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की नकल उतारकर सियासत गरमा दी थी। उस दौरान भाजपा ने इसकी कड़ी आलोचना की थी। हालांकि, टीएमसी सांसद अपने रवैये पर अड़े रहे और कहा था कि मैं बार-बार नकल उतारूंगा। यह उनका मौलिक अधिकार है। टीएमसी नेता ने कहा कि मुझे जेल में भी डाल दिया जाए, तब भी मैं मिमिक्री करता रहूंगा। मुझे मिमिक्री करने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास शिक्षा नहीं है और उसे हास्य समझ में नहीं आता तो मैं क्या कर सकता हूं।