मणिपुर में एक बस से मणिपुर नाम हटाए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और रैली रोक दी। प्रदर्शनकारियों ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया। विरोध के चलते राज्यपाल हेलीकॉप्टर से कांगला किला पहुंचे। सुरक्षा बलों ने जबरन वसूली के आरोप में तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया और 3.1 करोड़ रुपये की अवैध लकड़ी जब्त की। प्रदर्शनकारी सरकार से माफी की मांग कर रहे हैं।
इंफाल। मणिपुर में एक बस से राज्य का नाम हटाए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने सोमवार को भी आंसू गैस के गोले दागे और उन्हें रैली निकालने से रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया।
एक अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल सोमवार दोपहर नई दिल्ली से इंफाल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सेना के हेलीकॉप्टर से राजभवन से करीब 300 मीटर दूर स्थित कांगला किला पहुंचे। भल्ला 21 मई को सरकारी काम से मणिपुर से दिल्ली गए थे। इससे पहले इंफाल पश्चिम जिले के क्वाकेथेल में बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्र एकत्र हुए और राजभवन तक रैली निकालने की योजना बनाई। छह किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को वहीं रोक दिया गया। उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी दागे गए। हालांकि, महिलाओं और छात्रों ने राजभवन से 200 मीटर पहले तक छह किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारी पत्रकारों को एक महोत्सव में ले जाने वाली राज्य परिवहन बस से मणिपुर शब्द हटाने का विरोध कर रहे हैं और इस मामले में सरकार से माफी की मांग कर रहे हैं। बिष्णुपुर जिले में भी लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया।
रंगदारी के आरोप में तीन उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े तीन उग्रवादियों को रंगदारी की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पंबाई) के एक कैडर को बिष्णुपुर जिले से गिरफ्तार किया गया। प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के एक सक्रिय कार्यकर्ता को इंफाल पश्चिम जिले से गिरफ्तार किया गया। इस बीच, प्रतिबंधित केसीपी (तैबांगनंगांबा) के एक सदस्य को इंफाल पूर्वी जिले से गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर में 3.1 करोड़ रुपये की लकड़ी जब्त असम राइफल्स ने बताया कि अर्धसैनिक बल और मणिपुर पुलिस ने टेंग्नौपाल जिले में अवैध रूप से ले जाई जा रही 3.10 करोड़ रुपये की लकड़ी जब्त की है। 23 मई को अभियान के दौरान 610 टन लकड़ी ले जा रहे 61 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त लकड़ी और वाहनों को आगे की जांच के लिए टेंग्नौपाल पुलिस थाने को सौंप दिया गया है।