कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र में एक युवती ने पार्षद और उसके परिजनों पर छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि पार्षद बिना लिखित आदेश के सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचा रहे थे और विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है, जबकि पार्षद ने आरोपों को निराधार बताया है।
काकादेव थाना क्षेत्र में पीड़िता ने पार्षद, उसके भाई, भतीजे और तीन अन्य के खिलाफ युवती से छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि आरोपी बिना लिखित कार्य आदेश के काम करवा रहे हैं।
काकादेव थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती का आरोप है कि 1 जुलाई को वह अपने घर पर थी। तभी क्षेत्रीय पार्षद विनोद गुप्ता, उनके भाई उत्तम गुप्ता और भतीजे विनय गुप्ता 10-12 लोगों के साथ घर में घुस आए। पीड़िता का कहना है कि उसने देखा कि आरोपी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचा रहे थे और सरकारी फुटपाथ पर तोड़फोड़ कर रहे थे।
यह भी जानिये:-
इस पर जब उसने पार्षद विनोद गुप्ता व अन्य लोगों से इस सरकारी कार्य का आईडी कार्ड और लिखित वर्क ऑर्डर मांगा तो आरोपी अश्लीलता और गाली-गलौज पर अड़ गए। पार्षद विनोद गुप्ता ने अभद्रता और अश्लीलता करते हुए अश्लील इशारे किए। पीड़िता का कहना है कि आरोपी नाला सफाई के दौरान आउटसोर्सिंग और संविदा कर्मचारियों को बिना सुरक्षा उपकरण दिए काम कराते हैं। जिससे अक्सर कर्मचारियों की जहरीली गैस से मौत हो जाती है।
पीड़िता ने काकादेव पुलिस से मामले की शिकायत की। एसीपी स्वरूप नगर इंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पार्षद विनोद गुप्ता, उनके भाई उत्तम गुप्ता और भतीजे विनय गुप्ता के खिलाफ छेड़छाड़ और अश्लीलता, शांतिभंग कर अपमानित करने और हत्या के प्रयास की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई है। वहीं, क्षेत्रीय पार्षद विनोद गुप्ता का कहना है कि युवती का आरोप निराधार है और युवती से छेड़छाड़ या हमला करने के आरोप गलत हैं।