दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बिहार चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सेना को जातिवाद में घसीटने वालों को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए।
बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान, दिल्ली की मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रेखा गुप्ता ने महागठबंधन और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी के हालिया बयान को लेकर कांग्रेस पार्टी की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष अब सेना को जातिवाद की राजनीति में घसीटने लगा है, जो बेहद शर्मनाक है। गुप्ता ने कहा कि देश की जनता सेना के बलिदान पर सवाल उठाने वालों को कभी माफ नहीं करेगी।
देश की सुरक्षा से समझौता करने वालों को शर्म आनी चाहिए - रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता ने कहा, "जो दल वर्षों से जातिवाद में लिप्त रहे हैं, वही अब सेना को इस दलदल में धकेल रहे हैं। जो लोग विदेश जाकर देश को बदनाम कर सकते हैं, सेना पर सवाल उठा सकते हैं और उसकी सुरक्षा से समझौता कर सकते हैं, उन्हें चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा कि देश के सर्वोच्च पदों पर आसीन नेताओं को गाली देने और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वालों को आगामी चुनावों में जनता करारा जवाब देगी।
"ये लोग देश की जनता की गाढ़ी कमाई खा रहे हैं।"
भाजपा नेता ने विपक्षी दलों पर भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। एएनआई के अनुसार, उन्होंने कहा, "देश की जनता की गाढ़ी कमाई खाने वाले अब सेना और धर्म पर राजनीति कर रहे हैं। जनता समझ गई है कि महागठबंधन सिर्फ़ वोट बैंक की राजनीति करता है। भाजपा देश की एकता और सुरक्षा की प्रतीक है और जनता आगामी चुनावों में इसका जवाब देगी।"
बिहार चुनाव के पहले चरण का मतदान कल
गौरतलब है कि बिहार में पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार समाप्त हो गया है। पहले चरण का मतदान कल यानी 6 नवंबर को होगा, जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। चुनाव परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएँगे। इन दिनों सभी प्रमुख दलों के नेता राज्य भर में ताबड़तोड़ रैलियाँ कर रहे हैं। भाजपा जहां विकास योजनाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा को मुद्दा बना रही है, वहीं महागठबंधन बेरोजगारी और महंगाई पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है।