चंद्रशेखर आज़ाद ने बिहार में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर NDA सरकार की आलोचना करते हुए इसे सरकार की डर, दमन और बदले की राजनीति का खुला ऐलान बताया।
आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने बिहार के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिहार की NDA सरकार पर निशाना साधते हुए इसे डर और बदले की राजनीति बताया। उन्होंने कहा कि यह कानून का राज नहीं, बल्कि सत्ता का अहंकार है।
पप्पू यादव की गिरफ्तारी से चंद्रशेखर आज़ाद नाराज़
नगीना सांसद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'X' पर एक पोस्ट में पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर नीतीश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने लिखा, "पूर्णिया के लोकप्रिय सांसद पप्पू यादव की आधी रात को गिरफ्तारी बिहार की NDA सरकार की डर, दमन और बदले की राजनीति का खुला ऐलान है।
जो सरकार जनता के सवालों से डरती है, वही सरकार आधी रात को जन नेताओं को निशाना बनाती है। यह कानून का राज नहीं, बल्कि सत्ता का अहंकार है। बीमारी के बावजूद इस तरह से एक जन नेता को निशाना बनाना सरकार की असंवेदनशीलता और क्रूर मानसिकता को दिखाता है। बिहार की जनता सब समझती है। तानाशाही के खिलाफ यह लड़ाई और तेज़ होगी।"
पप्पू यादव शुक्रवार देर रात गिरफ्तार
गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात बिहार के पूर्णिया सीट से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पटना स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उन्हें 31 साल पुराने एक मामले में धोखाधड़ी से घर हासिल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस मामले में उनकी जमानत याचिका पहले ही खारिज हो चुकी थी। इसके बाद यह कार्रवाई की गई।
जब बिहार पुलिस पप्पू यादव को गिरफ्तार करने उनके आवास पर पहुंची, तो उनके बड़ी संख्या में समर्थक वहां जमा हो गए और काफी हंगामा किया। इस दौरान उनके समर्थकों और पुलिस के बीच बहस हुई और स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने रात 12 बजे पप्पू यादव को गिरफ्तार किया।