प्रयागराज । प्रयागराज पुलिस ने वकील उमेश पाल और उनके दो गनर की हत्या के मामले में वांछित तीन फरार लोगों की संपत्तियों को कुर्क करने की सभी कार्रवाई पूरी कर ली है। पुलिस ने कहा कि वह इस सप्ताह शाइस्ता परवीन, आयश नूरी व अरमान की संपत्ति कुर्क करेगी क्योंकि अब सभी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इससे पहले पुलिस ने गुड्डु मुस्लिम, साबिर और ज़ैनब फातिमा की संपत्तियों को कुर्क किया था। गुड्डू, साबिर और अरमान समेत 3 शूटरों पर 5-5 लाख रुपये का नकद इनाम था जबकि शाइस्ता परवीन पर 50 हजार रुपये का नकद इनाम था। सनसनीखेज धूमनगंज शूटआउट मामले के 9 महीने बाद भी सभी आरोपी पुलिस कार्रवाई से बच रहे थे जिसमें 2005 के बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की उनके 2 पुलिस गनर के साथ सुलेम सराय इलाके में उनके आवास के बाहर हत्या कर दी गई थी।