नई दिल्ली । सालों से देशवासियों को मौसम की हर खबर से रूबरू करवाने वाला भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) 150 साल वाला है| इस उपलब्धि पर मौसम विभाग को नया लोगो मिलने जा रहा है। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरण रिजिजू 26 दिसंबर को आईएमडी के नए लोगो का अनावरण किया।
आईएमडी की स्थापना 1875 में हुई थी और ये साल 2024-2025 में राष्ट्र की सेवा के 150 वर्ष पूरे कर लेगा। इस मील के पत्थर को मनाने के लिए आईएमडी ने जनवरी 2024 से एक साल तक चलने वाले उत्सव की योजना भी बनाई है। इस दौरान आईएमडी छात्रों को मौसम विज्ञान और वायुमंडलीय विज्ञान में करियर तलाशने के लिए प्रोत्साहित करेगा। इसके लिए कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों और अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सेमिनारों और इंटरेक्टिव सत्रों की एक सीरीज शुरू की जाएगी।
इस के तहत आईएमडी द्वारा लोगो डिजाइन प्रतियोगिता भी शुरू की गई थी। ये प्रतियोगिता 26 सितंबर को शुरू हुई थी। बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की एक एजेंसी है। यह मौसम संबंधी टिप्पणियों, मौसम पूर्वानुमान और भूकंप विज्ञान के लिए जिम्मेदार प्रमुख एजेंसी है। आईएमडी का मुख्यालय दिल्ली में हैं, यह भारत और अंटार्कटिका में सैकड़ों ऑब्जरवेशन स्टेशन चलाता है। इसके क्षेत्रीय कार्यालय चेन्नई, मुंबई, कोलकाता, नागपुर, गुवाहाटी और नई दिल्ली में हैं। आईएमडी विश्व मौसम विज्ञान संगठन के छह क्षेत्रीय विशिष्ट मौसम विज्ञान केंद्रों में से एक है।