शुभ चिंतकों ने होर्डिंग व गुलदस्ते की राशि का उपयोग सेवा कार्यों में किया, गरीबों में बांटे कंबल तो कई स्थानों पर लगाये हेल्थ कैंप
भोपाल । शुक्रवार को मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अपने जन्मदिन पर एक अनूठी पहल की। उन्होंने अपना जन्मदिन ना मनाते हुए शुभचिंतकों से केवल सोशल मीडिया के माध्यम से वर्चुअल शुभकामनाएं स्वीकार की। सोशल मीडिया के प्लेटफार्म फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम पर हजारों की संख्या में उनके समर्थकों व शुभचिंतकों ने जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अपने शुभचिंतकों व कार्यकर्ताओं से संवाद किया। मंत्री सारंग की अपील पर उनके शुभचिंतकों ने होर्डिंग लगाने व गुलदस्ते आदि उपहारों में व्यय होने वाली राशि का उपयोग सेवा कार्यों में किया।
मंत्री सारंग ने वर्चुअल संवाद के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें अपने जन्मदिन को सेवा का दिन बनाने की प्रेरणा मिली। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ चार जातियों- गरीब, युवा, महिला और किसानों की सेवा करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि सभी को एकजुट होकर इन जातियों के उत्थान और कल्याण के लिये मोदी जी की गारंटी को समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करना होगा।
मंत्री सारंग ने संवाद के दौरान शुभचिंतकों द्वारा उनकी अपील पर अमल करते हुए होर्डिंग ना लगाकर व गुलदस्ता ना खरीद कर उस राशि का उपयोग गरीब एवं असहाय जनों की सेवा में करने को लेकर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना के साथ गरीब व वंचित वर्ग की सेवा करना ही हमारे जीवन को सार्थक बनाता है।
मंत्री सारंग की अपील पर शुभचिंतकों द्वारा नरेला विधानसभा में विभिन्न सेवा कार्य किये गये। नरेला विधानसभा अंतर्गत स्टेशन मंडल के भोपाल स्टेशन प्लेटफार्म क्रमांक 1, सहज अस्पताल एवं सौभाग्य नगर क्षेत्र में भोजन, फल, मिठाई के साथ ही कंबल वितरण किया गया। महमाई मंडल में के विजय नगर स्कूल व महामाई मंदिर क्षेत्र में गरीब विद्यार्थियों में पुस्तकों व मिठाईयों का वितरण किया गया। सम्राट अशोक मंडल के अन्नानगर और सुभाष मंडल के आचार्य नरेन्द्रदेव नगर में बच्चों को मिठाई व पुस्तकों का वितरण किया गया। सुभाष मंडल के जनता क्वार्टर में भोजन वितरण के साथ ही रक्तदान शिविर भी लगाया गया। स्वामी विवेकानंद मंडल में कंबल व भोजन वितरण किया गया। वहीं शहीद भगत सिंह मंडल की बस्ती में असहाय जनों में फल व मिठाईयों एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों में पुस्तकों का वितरण किया गया। यहां स्थानीय कार्यकर्ताओं ने रक्तदान शिविर में भी बढ़चढ़ कर भाग लिया।