केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में उनका जादू नहीं चलेगा, जनता एनडीए को जिताने का मन बना चुकी है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की भारी जीत का दावा किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में उनका जादू नहीं चलेगा। बिहार की जनता गहलोत के जादू के बहकावे में नहीं आएगी।
केंद्रीय मंत्री ने रविवार को अपने जोधपुर स्थित आवास पर जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। पत्रकारों से बातचीत में शेखावत ने कहा कि बिहार की जनता गुंडागर्दी और जंगलराज के दिन देख चुकी है और अब सुशासन और विकास चाहती है।
बिहार की जनता पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के साथ है। इस बार एनडीए गठबंधन भारी बहुमत से सरकार बनाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह एक ऐसी पार्टी है जिसे उसके सहयोगी भी गंभीरता से नहीं लेते। अपने पर्यवेक्षकों के ख़िलाफ़ "टिकट चोर, वापस जाओ" के नारे ख़ुद ही सब कुछ बयां कर देते हैं।
"गहलोत का जादू सिर्फ़ चेहरे बदलने तक सीमित है।"
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए शेखावत ने कहा कि गुजरात में गहलोत का जादू कितना कारगर रहा, यह सबने देखा। वे तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री बने, हर बार किसी और का चेहरा आगे करके। गहलोत चेहरे बदलने में माहिर हैं, लेकिन बिहार में यह जादू नहीं चलेगा।
शेखावत ने हँसते हुए कहा कि पहले वे गुजरात से सर्टिफिकेट लाए थे, और अब शायद बिहार से भी लाएँ, लेकिन बिहार की जनता गहलोत के जादू से प्रभावित नहीं होगी।
नीतीश कुमार को बूढ़ा कहे जाने पर पलटवार
तेजस्वी यादव द्वारा नीतीश कुमार को बूढ़ा कहे जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए शेखावत ने कहा कि उनका अनुभव और प्रशासनिक क्षमताएँ बिहार की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनके नेतृत्व में बिहार ने विकास और सुशासन दोनों देखा है। जनता इसे जानती और पहचानती है। चुनाव से पहले ही यह स्पष्ट हो गया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत से जीतेगी। बिहार की जनता ने तय कर लिया है कि वे सुशासन के साथ ही रहेंगे।