नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रमण्यम ने कहा कि भारत जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत की अर्थव्यवस्था 4000 अरब डॉलर की है और यह अमेरिका, चीन और जर्मनी के बाद सबसे बड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत मैन्युफैक्चरिंग के लिए आकर्षक स्थान बन रहा है।
नई दिल्ली। भारत जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बीवीआर सुब्रमण्यम ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने नीति आयोग गवर्निंग काउंसिल की 10वीं बैठक के बाद मीडिया से कहा कि भारत में आर्थिक माहौल अनुकूल है।
उन्होंने कहा कि आज भारत 4,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) का हवाला देते हुए सुब्रमण्यम ने कहा कि आज भारत की अर्थव्यवस्था जापान से बड़ी है। उन्होंने आगे कहा, अर्थव्यवस्था के मामले में केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी ही भारत से बड़े हैं।
टैरिफ दरें क्या होंगी, यह अनिश्चित है: बीवीआर सुब्रमण्यम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आईफोन निर्माता एप्पल पर हाल ही में दिए गए बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, टैरिफ दरें क्या होंगी, यह अनिश्चित है। लेकिन जिस तरह से चीजें बदल रही हैं, हम विनिर्माण के लिए सस्ती जगह होंगे।
विशेषज्ञों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में देश की जीडीपी वृद्धि दर 6.8 प्रतिशत रह सकती है। इस दौरान देश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ी है।