- दिग्गी का दावा- हिंदुत्व कोई धर्म नहीं, बजरंग दल को बताया गुंडों की टोली

‎‎भोपाल । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्वियज सिंह ने ‎हिंदुत्व को धर्म से परे बताते हुए बजरंग दल को गुंडों की टोली बताया है। पूर्व सीएम दिग्वियज सिंह ने दावा किया कि हिंदुत्व कोई धर्म नहीं है और वह सनातन धर्म में विश्वास करते हैं जो सद्भाव और सभी के कल्याण का उपदेश देता है। कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य ने यहां पत्रकार वार्ता में बजरंग दल (विश्व हिंदू परिषद की युवा शाखा) को गुंडों की जमात करार दिया। सिंह ने एक सवाल के उत्तर में कहा ‎कि हमारा सनातन धर्म है। हम हिंदुत्व को धर्म नहीं मानते। ‘धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो’ जैसे नारे सनातन धर्म की सभाओं का प्रतीक है। यह सनातन धर्म है। उन्होंने आरोप लगाया, लेकिन हिंदुत्व के साथ ऐसा नहीं है। हिंदुत्व है- जो नहीं माने उन्हें डंडों से मारो, उनके घरों को तोड़ दो, पैसे उड़ाओ। सिंह ने कहा कि यह दुखद है कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बजरंग दल की तुलना बजरंग बली (भगवान हनुमान) से कर रहे हैं। 
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा ‎कि गुंडों की जमात ने जबलपुर में कांग्रेस कमेटी कार्यालय में तोड़फोड़ करने के लिए हमला किया था। बजरंग दल की तुलना बजरंग बली से करना देवता का अपमान करने के समान है। इसके ‎लिए आपको क्षमा मांगनी चाहिए। सिंह ने कहा कि कांग्रेस संविधान, नियमों और कानूनों का पालन करती है। कर्नाटक में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने के कांग्रेस के चुनावी वादे के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा ‎कि  उच्चतम न्यायालय ने नफरत फैलाने वाले बयान देने वाले किसी भी धर्म के व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है। कांग्रेस ने हाल ही में हुए कर्नाटक चुनावों के लिए अपने घोषणापत्र में कहा था कि पार्टी जाति और धर्म के आधार पर समुदायों के बीच नफरत फैलाने वाले बजरंग दल और पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया जैसे व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ दृढ़ और निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मई को होने वाले चुनाव प्रचार के दौरान बजरंग बली का जिक्र किया। कर्नाटक में भाजपा चुनाव हार गयी।

Comments About This News :

खबरें और भी हैं...!

वीडियो

देश

इंफ़ोग्राफ़िक

दुनिया

Tag