अशोकनगर । सोमवार सुबह घने कोहरे की चादर मे शहर लिपटा नजर आया। सुबह करीब 9.30 बजे लोगों को सूर्यनारायण के दर्शन दूधिया चांद की तरह हो रहे थे। करीब 10 बजे धूप के साथ कोहरा छंटना शुरू हुआ। घने कोहरे की वजह से सडक़ों पर वाहनों की आवाजाही भी कम रही, इक्का-दुक्का वाहन निकले जो लाइट जलाकर चले।
मौसम विभाग की माने तो अगले एक दो दिन ऐसा ही कोहरा रहेगा। क्योंकि पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद न्यूनतम तापमान में जो वृद्धि हुई है। उससे जमीन की उमस और घना कोहरा वातावरण में बना हुआ है। सोमवार सुबह दिन का न्यूनतम तापमान 8.8 और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में सामान्य दिनों की तुलना में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। बता दें कि जिले में बीते कुछ दिनों तक बादल छाए रहने की वजह से दिन और रात के पारे में उछाल आया था। लेकिन बीते दिन से मौसम में बदलाव हुआ है और सुबह के समय घना कोहरा छा रहा है। सुबह के समय कोहरे के कारण ठंड का असर बढ़ गया जिसकी वजह से ज्यादातर लोग अपने घरों में रहे। साथ ही ठंड से बचाव के लिए लोगों को गर्म कपड़े एवं अलाव का सहारा लेना पड़ा।
कोहरे के कारण दिन के पारे में गिरावट हुई है हालांकि रात के पारे में उछाल आया है। रविवार को दिन का पारा 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सोमवार को गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस पर रहेगा। हालांकि रात का पारा 1 डिग्री सेल्सियस के करीब ऊपर आया है एक दिन पहले 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो दूसरे दिन 8.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।