भारी मानसूनी बारिश ने पूर्वोत्तर भारत में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। मणिपुर में बाढ़ से 19 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं और 3365 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लोगों को राहत पहुंचाने के लिए 31 राहत शिविर बनाए गए हैं। सिक्किम में 32 लोगों की मौत हो गई है। भारतीय वायुसेना ने अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ में फंसे 14 लोगों को बचाया है।
नई दिल्ली। पूर्वोत्तर में बारिश ने कहर बरपा रखा है। कई राज्यों में लोग बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। वहीं, मणिपुर में मानसून ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ के कारण 19 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। अधिकारी ने बताया कि पिछले चार दिनों में लगातार मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ के कारण 3,365 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ऐसे में लोगों की मुश्किलें कम करने के लिए 31 राहत शिविर खोले गए हैं, जिनमें से ज्यादातर इंफाल पूर्वी जिले में हैं।
अगर आप देश और दुनिया की ताज़ा ख़बरों और विश्लेषणों से जुड़े रहना चाहते हैं, तो हमारे यूट्यूब चैनल और व्हाट्सएप चैनल से जुड़ें। 'बेजोड़ रत्न' आपके लिए सबसे सटीक और बेहतरीन समाचार प्रदान करता है। हमारे यूट्यूब चैनल पर सब्सक्राइब करें और व्हाट्सएप चैनल पर जुड़कर हर खबर सबसे पहले पाएं।
youtube- https://www.youtube.com/@bejodratna646
इन जिलों में बारिश से बुरा हाल
सेनापति जिले के साथ-साथ इंफाल पूर्वी जिले के हीनगांग, वांगखेई और खुरई विधानसभा क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों असम, सिक्किम, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में लगातार बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण कई लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हैं।
सिक्किम में 32 लोगों की मौत
वहीं, सिक्किम में फंसे पर्यटकों को अब पुलिस, निवासियों, वन कर्मियों और लाचुंग होटल एसोसिएशन के प्रयासों से सक्रिय रूप से निकाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि 32 लोगों की मौत हो गई है।
लाचुंग होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष ग्यात्सो लाचुंगपा स्थानीय प्रशासन के सहयोग से जमीनी स्तर पर निकासी अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।
अरुणाचल में वायुसेना ने संभाली कमान
अरुणाचल प्रदेश की बात करें तो इस राज्य में सेना ने अब तक 14 लोगों को बचाया है। भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने आज अरुणाचल प्रदेश की निचली दिबांग घाटी में बाढ़ग्रस्त बोमजीर नदी में फंसे 14 लोगों को बचाते हुए एक महत्वपूर्ण मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
गुवाहाटी के रक्षा जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, असम और अरुणाचल प्रदेश के राज्य प्रशासन के एक तत्काल अनुरोध के जवाब में यह अभियान शुरू किया गया।
भीषण बाढ़ के कारण फंसे लोगों को भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर का उपयोग करके सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। सेप्पा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाढ़ के कारण सात लोगों की मौत हो गई।
अमित शाह ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम, मणिपुर, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से इन राज्यों में भारी बारिश के बारे में बात की।
क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम विभाग (आईएमडी) ने आने वाले सप्ताह यानी 6 जून तक अरुणाचल प्रदेश के लिए चेतावनी जारी की है। बताया जा रहा है कि 6 जून तक भारी बारिश होगी।