उत्तरी सिक्किम में भारी बारिश के बाद भूस्खलन के कारण प्रमुख सड़कें अवरुद्ध होने से शनिवार को करीब 1500 पर्यटक फंस गए। इस बीच, शनिवार को भारी बारिश के कारण लापता 8 पर्यटकों की तलाश में अभियान में बाधा उत्पन्न हुई। मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने इंफाल के कई जलमग्न इलाकों का दौरा किया।
नई दिल्ली। भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में अचानक आई बाढ़ ने राज्य में तबाही मचा दी है और पिछले 48 घंटों में राज्य भर में बाढ़ और भूस्खलन के कारण 3802 लोग प्रभावित हुए हैं। इस दौरान 883 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य की राजधानी इंफाल के कई इलाके और इंफाल पूर्वी जिले के कई हिस्से जलमग्न हो गए हैं। भारी बारिश के कारण उफनती नदियों ने खुरई, हिगांग और चेकोन के इलाकों में तटबंध तोड़ दिए हैं।
अब तक कितने लोगों को बचाया गया है?
मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने इंफाल के कई जलमग्न इलाकों का दौरा किया, जबकि सेना और असम राइफल्स के जवानों ने सबसे अधिक प्रभावित जिले इंफाल ईस्ट के जलमग्न इलाकों से करीब 8000 लोगों को बचाया। राजभवन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने मुख्य सचिव पीके सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इंफाल में कांगला नोंगपोक थोंग, लैरीकिएंगबाम लेइकाई और सिंगजामेई ब्रिज का दौरा किया और समग्र स्थिति का आकलन किया।
जानवरों की भी मौत एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार तक कुल 3275 इलाके या गांव भारी बारिश से प्रभावित हुए हैं। दो लोग घायल भी हुए हैं और 64 जानवर भी मारे गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक कुल 12 भूस्खलन हुए हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि चेकोन इलाके में इंफाल नदी के उफान पर आने के बाद ऑल इंडिया रेडियो इंफाल परिसर और सरकारी जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान समेत कई कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में पानी भर गया है।
सिक्किम में फंसे पर्यटक
इसके साथ ही, भारी बारिश के बाद भूस्खलन के कारण उत्तरी सिक्किम में प्रमुख सड़कें अवरुद्ध होने से शनिवार को करीब 1500 पर्यटक फंस गए। इस बीच, शनिवार को भारी बारिश के कारण लापता 8 पर्यटकों की तलाश का अभियान बाधित रहा।
गुरुवार को मंगन जिले में लाचेन-लाचुंग राजमार्ग पर मुन्सिथांग के पास एक वाहन के 1 हजार फीट से अधिक गहरी नदी में गिर जाने से पर्यटक लापता हो गए। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।